जल से ही जीवन संभव है: दीप्ती चावला
केन्द्रीय दल ने गांवड़ी में जल शक्ति अभियान के संबंध में जानकारी ली
गणेश्वर-जल शक्ति अभियान के तहत भारत सरकार की संयुक्त सचिव रक्षा मंत्रालय एवं नोडल अधिकारी दीप्ती मोहिल चावला के नेतृत्व में केंद्रीय दल ने गुरूवार को गांवड़ी में विभिन्न जल संरचनाओं का निरीक्षण किया और जल संचय के संबंध में की गई गतिविधियों की जानकारी ली। ग्रामवासियों को बताया कि जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रह के लिए जल शक्ति अभियान चलाया जा रहा है तथा एक जुलाई से जारी यह अभियान 15 सितंबर तक चलेगा।
संयुक्त सचिव चावला ने गांवड़ी के अटल सेवा केंद्र में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और जल शक्ति अभियान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि जीवन में जल का बहुत महत्व है। मनरेगा कर्मियों से संवाद कर उनको जल स्वालम्बन ओर जल संचय करने की जानकारी दी। जल के जल स्रोत के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं ग्राम पंचायत से जो भी करना पड़े वो करेंगे। बारिश के पानी को एकत्रित करना चाहिए जिससे आने वाली पीढ़ी भविष्य में पानी का महत्व समझ सके। पानी से ही जीवन संभव है, जल संचय के लिए जो भी कार्यक्रम भारत सरकार, राज्य सरकार द्वारा संचालित किये जायें उनको बढ़ावा देना चहिए तथा लोगों को जल संचय के लिए जागरूक करना चाहिए। वन विभाग के तहत किये जा रहे जल संचय के कार्यों का भी अवलोकन कर वन विभाग के कार्यो को सराहा। उसके बाद गांवड़ी जोहड़े में पौधारोपण कर ग्रामीण जनों को पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया। संयुक्त सचिव ने गणेश्वर तीर्थ धाम पहुंच कर मंदिर में दर्शन किये। इस दौरान केन्द्रीय दल अधिकारी अनुप कुमार, गुरू प्रसाद, उपखण्ड अधिकारी अंजू शर्मा, अधीक्षण अभियन्ता वाटर शैड प्रहलाद सिंह जाखड़, बीडीओ राजूराम सैनी, रेंजर देवेंद्र राठौड़ अधिकारी सहित जन प्रतिनिधि, ग्रामीणजन मौजूद रहें।