नीमकाथाना: प्रशासन की पकड़ कमजोर समझने वाले सरकारी कर्मचारियों को अब सतर्क हो जाना चाहिए। नीमकाथाना में एडीएम ने गुरुवार को कई सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले।
जन स्वास्थ्य एवं अभियंत्रिकी विभाग में सहायक अभियंता और कर्मचारी नदारद मिले, जबकि सार्वजनिक निर्माण विभाग में अधिशाषी अभियंता समेत पांच कर्मचारी कार्यालय से गायब थे।
स्वास्थ्य विभाग भी जांच के दायरे में आया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नीमकाथाना में दो कर्मचारी मौजूद नहीं थे। वहीं अजीतगढ़ और पाटन ब्लॉक मुख्यालयों पर भी चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिले।
सिरोही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 3 चिकित्सकों के पद रिक्त मिले, हालांकि 2 डॉक्टर मौजूद थे और व्यवस्थाएं सामान्य मिलीं। कुरबड़ा स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम और आशा कार्यकर्ता ड्यूटी पर मिली।
एडीएम ने ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा प्रभारी से दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था और लू से बचाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने साफ किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित मिले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसे औचक निरीक्षण और भी नियमित रूप से किए जाएंगे।